धरोहर संदेश- छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बड़ी संख्या में कोरोना पॉजीटिव मरीज सामने आए हैं. सूरजपुर जिले में एक पुलिस कांस्टेबल सहित 9 मजदूर कोरोना पॉजीटिव पाए गए है, बिलासपुर आईजी दीपांशु काबरा ने देर रात ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है, सभी मजदूर सूरजपुर के राहत शिविर में रह रहे थे. इन सभी मजदूरों को इलाज के लिए रायपुर एम्स रवाना किया जा रहा है. इन मरीजों के साथ प्रदेश में पॉजीटिव मरीजों की संख्या 13 हो गई है।
सूरजपुर के एक मजदूर का मंगलवार शाम को पॉजीटिव पाए जाने के बाद सूरजपुर के आश्रय गृह में रह रहे सभी मजदूरों का रैपिड टेस्ट किट से टेस्ट किया गया. जिसमें वहां ड्यूटी करने वाला एक पुलिस कांस्टेबल सहित 9 मजदूर कोरोना पॉजीटिव पाए गए. बिलासपुर आईजी दीपांशु काबरा ने ट्वीट कर आश्रय गृह में ड्यूटी करने वाले पुलिस कांस्टेबल के पॉजीटिव पाए जाने की जानकारी दी. सूरजपुर और जशपुर रवाना होने से पहले ये सभी मजदूर राजनांदगांव में एक साथ आश्रय गृह में थे. अब राजनांदगांव के आश्रय गृह में मौजूद लोगों में भी इसके संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है. वहीं जशपुर में रखे गए मजदूरों को भी कोरोना संदिग्ध माना जा रहा है. सूरजपुर के साथ ही जशपुर के आश्रय गृह में मौजूद मजदूरों का भी रैपिड टेस्ट किट से टेस्टिंग शुरु हो गई है.बताया जा रहा है कि जशपुर जहां 200 मजदूर रह रहे हैं वहां पिछले चार-पांच दिन से बड़ी संख्या में NGO के लोग और सामाजिक कार्यकर्ताओं कोआना-जाना भी हुआ है.बताया जा रहा है कि इन सभी मजदूरों का टेस्ट रैपिड टेस्ट से किया गया था. अब फिर से इन मजदूरों का टेस्ट कोविड 19टेस्ट किट से किया जाएगा.
















