“गरियाबंद दौरे का उद्देश्य सहकारिता व्यवस्था मजबूत करना और किसानों की समस्याएं जानना – निरंजन सिन्हा”
गरियाबंद जिले के दौरे पर पहुंचे प्रदेश के प्राधिकृत अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करना एवं किसानों की समस्याओं को जानना है। उन्होंने कहा कि जिले की विभिन्न सहकारी समितियों, बैंकिंग व्यवस्था एवं खरीफ फसल की तैयारियों को लेकर समीक्षा की जा रही है।
इस दौरान उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। समितियों के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरंजन सिन्हा ने महिला स्व-सहायता समूहों, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं ग्रामीण रोजगार से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सहकारी संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री सूर्य योजना के तहत सोलर सुविधा एवं सब्सिडी को लेकर भी बैंक स्तर पर कार्य करने की बात कही गई।
समितियों में किसानों से नमी के नाम पर अतिरिक्त कट्टा लेने की शिकायतों का मुद्दा उठाया गया। इस पर उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी किसानों से अवैध वसूली या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि गरियाबंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली जाएगी तथा जो भी समस्याएं सामने आएंगी, उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही सहकारिता व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

चर्चा के दौरान पत्रकारों ने यह भी बताया कि कई बार धान खरीदी में गड़बड़ी उजागर होने पर पत्रकारों को दबाने या बदनाम करने की कोशिश की जाती है। इस विषय को भी गंभीरता से लेते हुए निरंजन सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है और किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि या दबाव की शिकायत मिलने पर उचित जांच की जाएगी।


















