गरियाबंद जिले के थाना राजिम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैया में दिनांक 01 फरवरी 2026 को एक के बाद एक घटित आपराधिक घटनाओं के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्यवाही की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में ग्राम दुतकैया स्थित पुराना तालाब परिसर में बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी, जिस पर थाना राजिम में अपराध क्रमांक 173/24 धारा 295, 427, 201, 34 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना की गई थी। इस प्रकरण में अपचारी बालक आरिफ खान को बाल सुधार गृह माना भेजा गया था, जो बाद में जमानत पर रिहा हुआ था।

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
दिनांक 01.02.2026 को आरिफ खान द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश को लेकर थाना फिंगेश्वर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बासीन स्थित पेट्रोल पंप के पास ग्राम दुतकैया निवासी रेखराम यादव के साथ वाद-विवाद कर मारपीट की गई। इस घटना पर थाना राजिम में अपराध क्रमांक 00/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

इसी क्रम में, ग्राम दुतकैया निवासी ललित कुमार साहू के साथ धान मंडी ग्राम धमनी के पास रास्ता रोककर गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की गई। इस मामले में थाना राजिम में अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 126(2), 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
ऑफिस में घुसकर मारपीट और लूट
तीसरी घटना में ग्राम दुतकैया निवासी प्राची अरविंद साहू के साथ ग्राम परसदाजोशी स्थित सब स्टेशन भवन के अंदर कार्यालय में घुसकर गाली-गलौच एवं मारपीट की गई तथा प्रार्थी का एक मोबाइल फोन एवं नगद राशि लूटकर आरोपी फरार हो गए। इस पर थाना राजिम में अपराध क्रमांक 26/2026 धारा 331(2), 309(6), 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
डंडे से हमला कर मोबाइल लूटा
चौथी घटना में ग्राम दुतकैया निवासी नरेंद्र कुमार साहू के साथ अरंड रोड, ग्राम बकली के पास रास्ता रोककर गाली-गलौच करते हुए डंडे से मारपीट की गई तथा प्रार्थी का मोबाइल फोन लूट लिया गया। इस पर थाना राजिम में अपराध क्रमांक 27/2026 धारा 309(6), 126(2), 296, 115(2), 351(3), 324(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
तीन घंटे में गिरफ्तारी उपरोक्त सभी अपराधों की सूचना दोपहर 03:00 बजे से 03:30 बजे के बीच थाने में दर्ज की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन घंटे के भीतर फरार आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर दबिश दी और सभी आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्यवाही की।
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस पर हमला
इन घटनाओं के बाद ग्राम दुतकैया में भारी आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों की भीड़ आरोपियों के घर के पास एकत्र होने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। जान-माल की सुरक्षा हेतु अनियंत्रित भीड़ पर न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया गया।
इस दौरान पुलिस के 7 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक जवान को रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायल जवानों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम में जारी है। घटना में घायल दो ग्रामीणों में से राजू खान का इलाज वीवाय हॉस्पिटल रायपुर तथा अनवर खान का इलाज मेकाहारा रायपुर में चल रहा है।
स्थिति नियंत्रण में, गांव में पुलिस तैनात
वर्तमान में ग्राम दुतकैया में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी राजिम स्वयं मौके पर मौजूद हैं और लगातार स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया अथवा किसी भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अफवाह न फैलाएं और न ही अफवाहों पर विश्वास करें, तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

















