इस साल के अंत तक करीब 5000 पदों पर भर्ती निकलेगी भर्ती

0
364

 

लखनऊ – लोकसभा चुनाव 2019 के बाद यूपी में करीब 5000 पदों के लिए दरोगाओं की भर्ती निकलेगी। साल के अंत तक इनकी लिखित और शारीरिक परीक्षा करवाकर रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। हालांकि सरकार की कोशिश थी कि इन भर्तियों की प्रक्रिया चुनाव से पहले शुरू हो जाए, लेकिन फिलहाल न ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इसके लिए तैयार है और न ही प्रशिक्षण मुख्यालय। इसलिए अब चुनाव बाद ही इन भर्तियों की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष आर के विश्वकर्मा ने बताया कि करीब एक लाख पदों के लिए भर्तियों की प्रक्रिया चल रही है। भर्ती पूरी होने के बाद इन सभी को ट्रेनिंग भी करवानी होगी। अभी यूपी में इतने बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण के संसाधन उपलब्ध नहीं है। चूंकि दरोगाओं के 5000 पदों पर भर्ती के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आने के बाद उन्हें प्रक्रिया का हिस्सा बनाने में काफी दिक्कत आएगी, क्योंकि 49568 पदों पर सिपाहियों की भर्ती की प्रक्रिया पहले से चल रही है। इसके अलावा हाल ही में 2486 दारोगाओं और करीब 400 मृतक आश्रित कोटे से भर्ती हुए दारोगाओं की ट्रेनिंग भी करवानी है। हाल ही में 41610 पदों के लिए सिपाहियों की भर्ती का रिजल्ट जारी किया गया है। उनकी भी ट्रेनिंग करवानी है। साथ ही वायरलैस विभाग के डेढ़ हजार से ज्यादा पदों के लिए भी भर्तियां करानी है। इन सभी टॉस्क को देखते हुए फिलहाल दारोगाओं के 5000 पदों पर भर्ती को लोकसभा चुनावों तक टाला जा रहा है।