रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी के सरकार के दावों को भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद सरोज पाण्डेय ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं। हर जिलों में हजारों किसानों का धान नहीं खरीदा गया है और प्रदेश सरकार व उसकी नौकरशाही रिकॉर्ड धान खरीदी का झूठे दावे कर रही है। मुंगेली में साढ़े तीन लाख क्विंटल धान नहीं बिक पाया जबकि बालोद जिले में लगभग नौ हजार किसानों को तो टोकन तक नहीं दिया गया। कवर्धा के किसानों का आंदोलन इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि प्रदेश सरकार धान खरीदी के मुद्दे पर निकम्मी साबित हुई है और झूठ-पर-झूठ बोलकर अपने शर्मनाक रवैये पर आमादा है।

















