ठाकुरजी ने विशेष पोशाक धारण की, हो गई पांच दिवसीय होली उत्सव की शुरूआत

0
377

उज्जैन। रंगभरी एकादशी से रविवार को वैष्णव मंदिरों में पांच दिवसीय होली उत्सव की शुरूआत हुई। सिंधिया देव स्थान ट्रस्ट के प्रसिद्घ गोपाल मंदिर में ठाकुरजी को होली खेलने के लिए विशेष पोशाक पहनाई गई। इसके बाद पुजारियों ने भगवान को गुलाल लगाया। ठाकुरजी पांच दिन तक यही पोशाक धारण करेंगे। मंदिर में नित्य होली खेली जाएगी। पुजारी पं. अर्पित जोशी ने बताया साल में एक बार रंगभरी एकादशी पर ठाकुरजी को सफेद काटन की पोशाक धारण कराई जाती है। पांच दिन तक ठाकुरजी एक ही पोशाक धारण किए रहते हैं। मंदिर में नित्य होली होती है। ढोलक की थाप पर झूमते हुए भक्त अबीर गुलाल और फूलों से होली खेलते हैं। रविवार को भक्तों ने फलों के रस से भी होली खेली। महाप्रभुजी की बैठक के ट्रस्टी विजय गुप्ता ने बताया पांच दिन बगीचे में होली होगी। एकादशी पर ठाकुरजी ने पिचकारी से टेसू के फूले से बने रंग से होली खेली। मुखियाजी ने भक्तों पर रंग बरसाया। भक्त भी ठाकुरजी के रंग में रंगे नजर आए। धुलेंडी पर डोल उत्सव के साथ 40 दिवसीय होली उत्सव का समापन होगा। इस दिन ठाकुरजी आम के पत्तों से बने झूले में विराजित होकर होली खेलेंगे।