कई नोटिस के बाद भी दुकानदार ने नहीं छोड़ा कब्जा, नगर निगम टीम ने की कार्रवाई

0
79

रायपुर। नगर निगम जोन 8 नगर निवेश विभाग ने अभियान चलाकर डुमरतालाब रोड से लगभग 80 वर्गफीट की दुकान को थ्रीडी चलाकर हटाने की कार्रवाई की। सड़क को कब्जा मुक्त करने की यह कार्रवाई मंगलवार को जोन कमिश्नर प्रवीण सिंह गहलोत के नेतृत्व में जोन सहायक अभियंता डीके पैकरा, जोन उपअभियंता अजीत सिंह राठौर की उपस्थिति में की गई। जोन 8 कमिश्नर गहलोत ने कहा कि पूर्व में डुमरतालाब मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण अभियान के दौरान काबिज एक दुकानदार को नगर निगम जोन 8 नगर निवेश विभाग ने बीएसयूपी योजना के तहत सरोना आवासीय परिसर में व्यवस्थापन दिया था। इसके बावजूद दुकानदार ने सड़क चौड़ीकरण सीमा क्षेत्र से कुल 80 वर्गफीट क्षेत्र में अपनी दुकान का कब्जा नहीं छोडा था। नोटिस देने के बाद भी जब दुकानदार ने अपना कब्जा स्वत: नहीं छोडा तो आज नगर निगम आयुक्त सौरभ कुमार के निर्देश पर दुकानदार की कब्जे वाली जगह को बकायदा दुकान का सामान खाली करवाकर थ्रीडी लगाकर तोड़ा गया।